बेगूसराय की धरती पर फहरेगा बिहार का सबसे उच्चा राष्ट्रीय ध्वज
बिहार की धरती पर भी अब ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहरेगा। ये झंडा राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्म स्थली बेगूसराय में जल्द ही लहराता नजर आएगा। अनुमान है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन बिहार का सबसे ऊंचा झंडा फहराएगा । इसे लगाने के लिए बेगूसराय के जिलाधिकारी को खत लिखकर जमीन की मांग की गई है। यह पहल बिहार के ही रहने वाले जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता अजय कुमार की पहल पर की गई है। इसमें दिल्ली की शेयर और कमोडिटी मार्केट की कंपनी एडवाजरी मंडी डॉट कॉम के फाउंडर व सीईओ कौशलेन्द्र सिंह सेंगर भी सहयोग करेंगे। अजय कुमार का कहना है कि बिहार का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज बेगूसराय में लगाने की योजना है। उन्होंने बताया कि देश के अन्य राज्यों के विभिन्न शहरों में 300 फीट तक के ऊंचे झंडे लहरा रहे हैं, लेकिन अब तक बिहार इससे वंचित था। इसीलिए अब बिहार में भी ऊंचा झंडा लगाने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय की धरती राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की स्थली है, इसलिए बिहार का सबसे ऊंचा झंडा बेगूसराय में लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन को खत लिखकर जगह देने की मांग की गई है और हमारी तरफ से जीरो माइल और हर हर महादेव चौक का चयन किया गया है। प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद हमारा प्रयास रहेगा कि 15 अगस्त तक यहां 150 से 200 फीट तक ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाएगा। बिहार के रहने वाले अजय कुमार दिल्ली में भारत सरकार को अपनी सेवा दे रहे हैं लेकिन उनके दिल में समाज सेवा की गजब की चाहत है। अजय बिहार और यूपी के गांवों में जैविक खेती को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। अजय समय समय पर गांवों में जाकर किसानों को जैविक खेती के तौर तरीकों के बारे में बताते हैं। बिहार के बेगूसराय में भी 200 फीट ऊंचा तिरंगा लग जाएगा। इसे लेकर बेगूसरायवासी काफी खुश हैं और अजय कुमार की सराहना कर रहे हैं। दिल्ली में टेलीविज़न पत्रकार और जयमंगला काबर फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश राज जो बेगूसराय के ही रहने वाले हैं उन्होंने भी अजय कुमार के प्रयासों की सराहना की और कहा कि दिल्ली में रहकर बिहारी अस्मिता की रक्षा करने वाले अजय समेत तमाम लोग अभिनन्दन के पात्र हैं। दिनकर की धरती पर अगर तिरंगा फहरेगा तो ये बेगूसराय औऱ बिहार के लिए गर्व की बात होगी।